India

Feb 13 2023, 12:54

भारत-नेपाल सीमा पर बिहार में तैनात जवानों में खूनी संघर्ष, सर्विस हथियार से एक ने दूसरे को मारी गोली, हालत गंभीर

 बिहार के सीतामढ़ी में भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा में तैनात सोनबरसा के नरकटिया बीओपी में दो जवानों के बीच आपसी लड़ाई में गोलीबारी से हड़कंप मच गया है। एक जवान ने दूसरे पर गोली चला दी। गोली जवान की जांघ में लगी है। जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है। आरोपित जवान को एसएसबी ने फिलहाल अपने कब्जे में ले लिया है।

घटना सोमवार सुबह 7 बजे के करीब की बताई जा रही है। घटना के बाद आनन-फानन में जवान को गंभीर हालत में सीतामढ़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल जवान की पहचान झारखंड निवासी धर्मेंद्र कुमार जोलोजो (33 वर्ष), पिता मंगल जोलोजो के तौर पर हुई है। वहीं, आरोपित जवान का नाम थान सिंह मीणा, पिता जगदीश मीणा है। वह राजस्थान का रहने वाला है। 

बताया जा रहा है कि जवान ने इंसास राइफल से दूसरे जवान पर गोली चलाई। एसडीपीओ सदर सुबोध कुमार ने जवान को गोली लगने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। हालांकि, जवानों के बीच किस बात को लेकर विवाद था, इसपर कोई भी अधिकारी अभी कुछ भी बताने से के लिए तैयार नहीं है।

चिकित्सक के अनुसार, जवान के बाईं पैर के जांघ में एक गोली लगी है। सशस्त्र सीमा बल एसएसबी की 51वीं बटालियन के नरकटिया बीओपी में जवान की तैनाती है। अबतक आपसी विवाद में गोली चलने की बात सामने आई है। आरोपित जवान को भी पिटाई लगी है। एसएसबी के कमांडेंट राजन कुमार श्रीवास्तव ने कोई बयान देने से इनकार कर दिया है। तमाम बड़े अधिकारी बीओपी से लेकर सदर अस्पताल तक दौड़ लगा रहे हैं।

India

Feb 13 2023, 12:52

'

रामचरित मानस पर टिप्पणी करने वाले बाबर की संतान', UP सहकारिता मंत्री भी विवाद में कूदे, राहुल गांधी और अखिलेश यादव को राजनीति के लिहाज से नासमझ भी बताया

उत्तर प्रदेश के सहकारिता मंत्री गोविंद सिंह ने रामचरित मानस पर टिप्पणी करने वालों को बाबर की संतान बता दिया। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को राजनीति के लिहाज से नासमझ भी बताया। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर रविवार देर शाम पत्रकारों से बात करते सहकारिता मंत्री ने कहा कि जो भी रामचरितमानस के बारे में ऊल-जलूल बोल रहे हैं, वह सब बाबर की संतान हैं। जिन लोगों ने राम भक्तों पर गोलियां चलवाई हैं, ऐसे लोगों से हम और राम भक्त क्या अपेक्षा कर सकते हैं।

कांग्रेस और अखिलेश पर साधा निशाना

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों राजनीति के लिहाज से नासमझ हैं। एक सवाल के उत्तर में सहकारिता मंत्री ने बताया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में हमारी पार्टी बड़े बहुमत से जीतेगी। हम तीसरी बार केंद्र में हम सरकार बनाने जा रहे हैं। धर्म और राजनीति के सवाल पर उनका कहना था कि इस समय जितना ही प्रहार हो रहा है, वह सब सनातन धर्म पर ही किया जा रहा है। आने वाले चुनाव में प्रदेश की जनता ऐसा करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दे देगी।

विपक्षियों को किसी भी जाति से मतलब नहीं

सहकारिता मंत्री ने कहा कि विपक्षियों को किसी भी जाति से मतलब नहीं है। चाहे अगड़े हों या पिछड़े, उनको तो अपनी राजनीतिक रोटियां सेकना है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार से देश और प्रदेश के लोग सभी संतुष्ट हैं, किसान भी प्रसन्न है। इस मौके पर भाजपा नेता अनुराग पांडेय, रमाकांत दुबे, कलपेंद्र भारती सहित अन्य भाजपाई मौजूद रहे।

India

Feb 13 2023, 12:51

व्लादिमीर पुतिन के करीबी व्लादिमीर सोलोवयोव ने एक शो के दौरान जनता से पूछा क्या हम उन्हें निशाना नहीं बना सकते, ब्रिटेन की संसद पर हमले से जुड़े सवाल पर मचा हड़कंप



रूस और यूक्रेन युद्ध के बीच युद्ध शुरू हुए लगभग एक साल पूरे होने वाला है। इस बीच इस जंग का पलड़ा कभी रूस तो कभी यूक्रेन की ओर झुका दिखता है। हालांकि, ज्यादातर समय रूस ने ही अपनी आक्रामक क्षमता से यूक्रेन को नुकसान पहुंचाया है। इसके बावजूद पश्चिमी देशों की मदद से यूक्रेन भी समय-समय पर पलटवार करने में सफल रहा है। अब इस मदद पर रूस की निगाहें भी टेढ़ी हो रही हैं। हाल ही में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक करीबी साथी ने यूक्रेन के मददगारों को तबाह करने का जिक्र करते हुए ब्रिटेन की संसद पर हमले तक की मांग कर डाली।

रूस की सरकारी मीडिया के होस्ट और व्लादिमीर पुतिन के करीबियों में गिने जाने वाले व्लादिमीर सोलोवयोव हाल ही में एक शो के दौरान जनता से ब्रिटेन की संसद पर हमले से जुड़े सवाल पूछते सुने जा सकते हैं। उनका यह वीडियो यूक्रेन के गृह मंत्री के सलाहकार एंटॉन गेराशसेंको की तरफ से अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ साझा किया गया है।

वीडियो में व्लादिमीर सोलोवयोव ऑडियंस से पूछते हैं- "क्या हम आखिरकार लंदन को निशाना नहीं बना सकते? इसमें दिक्कत ही क्या है? नहीं-नहीं, मैं सिर्फ सैन्य ठिकानों पर हमले की बात नहीं कर रहा, बल्कि संसद को निशाना भी बनाया जा सकता है।"

 

'क्या पश्चिमी देश तय करेंगे कि रूस क्या है?'

इसी वीडियो में सोलोवयोव पश्चिमी देशों को चेतावनी देते हुए कहते हैं- "वे (पश्चिमी देश) यूक्रेन को विमान देने जा रहे हैं, ताकि रूसी क्षेत्र पर भी हमला किया जा सके। इसी दौरान वे चालाकी से यह भी कह रहे हैं कि हम क्रीमिया को रूस का हिस्सा नहीं मानते। सोलोवयोव शो के दौरान पूछते हैं- "तो क्या अब आप (पश्चिमी देश) ही फैसला करेंगे कि रूस आपके लिए क्या है? रूस के लोग नहीं, कोई जनमत संग्रह या मतदान नहीं, बल्कि आप निर्णय करेंगे कि रूस हमारे लिए क्या है?

'रूस के खिलाफ नाजी ताकतें एक साथ'

"ऐसे में हम भी किसी को मान्यता नहीं देंगे। हमारे लिए कोई इंग्लैंड नहीं होगा, कोई फ्रांस नहीं और न ही कोई जर्मनी। यह कुछ नाजी देश हैं जो कि रूस की हर चीज के खिलाफ खड़े हैं। इसलिए हमें गंभीर होने की जरूरत है। क्या उन्हें लगता है कि उनके कदमों की कोई सीमा नहीं है। ठीक है, हम उन्हें दिखाते हैं कि हमारी कार्रवाई की भी कोई सीमा नहीं है। उन पर हमला करते हैं।"

India

Feb 13 2023, 12:49

संसद के बजट सत्र का आज आखिरी दिन भी अदानी मुद्दे पर जमकर हंगामा, भाजपा बोली- 'राहुल ने नहीं मांगी माफी तो जाएगी सदस्यता', राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित

 संसद के बजट सत्र का आज आखिरी दिन है। बजट सत्र के अंतिम दिन भी अदाणी मुद्दे पर संसद के दोनों सदनों में विपक्ष का हंगामा देखने को मिला। राज्यसभा व लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने सदन में हंगामा किया। जिसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही 13 मार्च सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। इससे पहले विपक्षी दलों के नेताओं ने राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खरगे के संसद कक्ष में मुलाकात की थी।

13 मार्च तक के लिए राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित

अदाणी मुद्दे पर विपक्षी सांसदों द्वारा नारेबाजी के बीच राज्यसभा की कार्यवाही 13 मार्च सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। बजट सत्र का दूसरा भाग 13 मार्च से शुरू होगा।

विपक्षी सांसदों की नारेबाजी पर जगदीप धनखड़ ने जताई नाराजगी

राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा कि जानबूझकर अड़ंगा लगाया जा रहा है और यह सदन चलाने का तरीका नहीं है। हम पहले ही काफी समय बर्बाद कर चुके हैं। यदि सदन को इस तरह के व्यवधान के अधीन किया जाता है, तो मैं लोगों की अपेक्षा के अनुसार कार्य करने के लिए विवश हो जाऊंगा।

कई सांसदों को वेल में प्रवेश करने पर दी चेतावनी

राज्यसभा के सभापति ने सांसद राघव चड्ढा, संजय सिंह, इमरान प्रतापगढ़ी, शक्ति सिंह गोहिल, संदीप पाठक और कुमार केतकर सहित अन्य नेताओं को वेल में प्रवेश करने को लेकर चेतावनी दी।

राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित

सदन में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के भाषण के अंश निकाले जाने के बाद विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बाद राज्यसभा की कार्यवाही 11:50 तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

सांसदों के नारेबाजी के बीच राज्यसभा सभापति ने विपक्ष के नेता खरगे से कहा कि विपक्ष के नेता आपने इतने शब्दों में संकेत दिया है कि अध्यक्ष दबाव में काम कर रहे हैं। इन शब्दों को हटा दिया गया है। आप सदन के पटल पर बने रहने के अपने अधिकार का हनन कर रहे हैं। हर बार आप कह रहे हैं कि अध्यक्ष दबाव में काम कर रहे हैं।

राहुल को नोटिस पर खरगे ने जताया एतराज

राहुल गांधी को लोकसभा सचिवालय के नोटिस पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि राहुल गांधी ने संसद में जो कुछ भी कहा था वह पहले से पब्लिक डोमेन में है, जो सभी लोग बोलते-लिखते हैं। वही बात उन्होंने कही है। इसमें कुछ भी असंसदीय नहीं है। इसलिए वह उसी हिसाब से नोटिस का जवाब देंगे।

पीएम मोदी पर आरोप लगाना सही नहीं- निशिकांत दुबे

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिना स्पीकर को नोटिस दिए आप हमारे पीएम पर इस तरह के आरोप नहीं लगा सकते। नोटिस में हमने राहुल गांधी को 15 फरवरी तक स्पीकर को सबूत दिखाने के लिए कहा है, जो उनके दावों को साबित कर सकता है या उन्हें संसद में माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा वह अपनी लोकसभा सीट खो देंगे।

अदानी मुद्दे पर चर्चा चाहते हैं हम- खरगे

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि चूंकि आज संसद में बजट सत्र के पहले भाग का आखिरी दिन है, हम इस बात पर चर्चा करेंगे कि हम इस अदाणी मुद्दे को कैसे सुलझा सकते हैं और हमारे अध्यक्ष क्या करेंगे। अन्य दलों के नेताओं की भी इस पर राय लेंगे।

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने दिया नोटिस

बता दें कि कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने सोमवार को लोकसभा में चीन के अतिक्रमण के मुद्दे पर चर्चा के लिए स्थगन नोटिस पेश किया। नोटिस में उन्होंने कहा अप्रैल 2020 से चीन लगातार हमारी जमीन हड़पने में लगा हुआ है। 16 जनवरी 2023 तक भारत और चीन के बीच कमांडर स्तर की 17 दौर की वार्ता हो चुकी है, इसमें थोड़ी सफलता मिली है, जबकि चीन अपने सैनिकों के लिए पुलों, सड़कों और आवास सहित महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे का निर्माण करना जारी रखे है। चीन एकतरफा यथास्थिति को बदलने का प्रयास कर रहा है।

India

Feb 13 2023, 12:13

राजधानी लखनऊ में तीन दिवसीय जी-20 सम्मेलन आज से

लखनऊ। सोमवार से तीन दिन के लिए उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ जी20 देशों के मेहमानों की अगवानी करेगा। डिजिटल इकॉनमी वर्किंग ग्रुप (डीईडब्ल्यूजी) की बैठक में इस दौरान विभिन्न देशों के 143 प्रतिनिधि शामिल होंगे। जी20 समूह देशों के अलावा नौ आमंत्रित देशों के प्रतिनिधि भी इसमें शामिल होंगे

। इसमें साइबर क्राइम, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल शिक्षा पर अलग-अलग समूह के साथ सत्र रहेंगे। इसमें भारत के हुए कामों को जहां प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं भविष्य की रणनीति पर भी इस दौरान चर्चा होगी। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह शामिल होंगे। 

मिली जानकारी के अनुसार 2022 में जी20 की अध्यक्षता इंडोनेशिया को मिली थी। 2023 में भारत इसकी अध्यक्षता कर रहा है। भारत के बाद 2024 में ब्राजील को अध्यक्षता करनी है। यह एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि पूरे साल 20 देशों के लिए प्रतिनिधित्व और बैठकों के आयोजन कराने होते हैं। इससे पूरी दुनिया को एक दिशा दी जा सके, यह भी सुनिश्चित किया जाता है। भारत ने वसुधैव कुटुम्बकम को थीम चुना है। लखनऊ में डीडब्ल्यूईजी की पहली बैठक हो रही है। लखनऊ के बाद अप्रैल में हैदराबाद, जून में पुणे में बैठक होनी है। सितंबर में मिनिस्टर स्तरीय मीटिंग अंतिम सहमति के लिये होगी। जानकारी के लिए बता दें कि जी-20 सम्मेलन को लेकर पूरे लखनऊ को जी-20 के रंग में रंगा गया है। सबसे खास बात यह है कि 1090 चौराहे के पास बीस देशों के झंडों को लगाया गया है।

India

Feb 13 2023, 11:46

पीएम मोदी ने बेंगलुरु में किया एयरो इंडिया 2023 का उद्घाटन कहा- महज शो नहीं, इंडिया की है ताकत

#aeroindiashow2023pmmodiinauguratedinbengaluru

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेंगलुरु में एयरो इंडिया मेगा शो का उद्घाटन किया।येलहंका के वायु सेना स्टेशन में एयरो इंडिया 2023 के उद्घाटन में बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह भारत के नए दृष्टिकोण को दिखाता है। पीएम ने कहा कि आज ये एक शो मात्र नहीं बारत को ताकत को दिखाता है।

भारत की ताकत दिखाता है एयरो इंडिया- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि जब कोई देश नई सोच और नई अप्रोच के साथ आगे बढ़ता है तो उसकी व्यवस्थाएं भी नई सोच के साथ ढलने लगती हैं। आज का ये आयोजन भारत की नई सोच को भी प्रतिबिंबित करता है। आज ये आयोजन केवल एक शो नहीं है, ये भारत की स्ट्रेंथ भी है और भारत की डिफेंस इंडस्ट्री के स्को और सेल्फ कॉन्फिडेंस को भी फोकस करता है।पीएम मोदी ने कहा कि एक समय था जब इसे महज एक शो समझा जाता था। पिछले कुछ सालों में देश ने इस धारणा को बदल दिया है। आज यह सिर्फ दिखावा नहीं है बल्कि भारत की ताकत भी है। यह भारतीय रक्षा उद्योग के दायरे और आत्मविश्वास पर केंद्रित है।

भारत पर पूरे विश्व का विश्वास कितना बढ़ ये भी दिखाता है-पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, एयरो इंडिया का यह आयोजन भारत के बढ़ते हुए सामर्थ्य का उदाहरण है। इसमें दुनिया की करीब 100 देशों की मौजूदगी होना दिखाता है कि भारत पर पूरे विश्व का विश्वास कितना बढ़ गया है। उन्होंने आगे कहा, देश-विदेश के एग्जिबिटर इसमें अपनी भागीदारी कर रहे हैं। इसने अब तक अपने सारे रिकोर्ड तोड़ दिए हैं। इसमें भारतीय एमएसएमई भी हैं, स्वदेशी स्टार्ट अप भी है और दुनिया की जानी मानी कंपनी भी है।

2024 -25 तक डिफेंस एक्सपोर्ट को 5 बिलियन डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य-पीएम मोदी

भारत ने बीते 8-9 साल में अपने यहां डिफेंस के क्षेत्र का कायाकल्प कर दिया है। हम अभी इसे केवल एक शुरुआत मानते हैं। हमारा लक्ष्य है कि हम वर्ष 2024 -25 तक डिफेंस एक्सपोर्ट को 5 बिलियन डॉलर तक ले जाएंगे। भारत अब डिफेंस उत्पादक देशों में शामिल होने के लिए तेजी से कदम बढ़ाएगा।

एयरो स्पेस और डिफेंस के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे-पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, बेंगलुरु का आसमान न्यू इंडिया के सामर्थ्य का गवाह बन रहा है। बेंगलुरु का आसमान इस बात की गवाही दे रहा है कि नई ऊंचाई ही नए भारत की सच्चाई है। आज देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है और उसे पार भी कर रहा है। पीएम मोदी ने कहा, यह आयोजन एक और वजह से बहुत खास है। यह कर्नाटक जैसे एक ऐसे राज्य में हो रहा है जिसे तकनीक की दुनिया में विशेष महारत हासिल है। इस आयोजन से एयरो स्पेस और डिफेंस के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे। कर्नाटक के युवाओं के लिए नई संभावनाएं पैदा होंगी।

India

Feb 13 2023, 11:30

डब्ल्यूपीएल ऑक्शनः चमक सकती है इन खिलाड़ियों की किस्मत, मंधाना-हरमनप्रीत पर लग सकता है बड़ा दांव

#womenspremierleagueauction2023

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) पहली बार महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) का आयोजन कराने जा रही है। जिसको लेकर आज मुंबई में ऑक्शन का आयोजन होगा। ऑक्शन दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगा। ऑक्शन के लिए 409 खिलाड़ी शॉर्टलिस्ट की गई हैं। जिनमें से कई खिलाडियों की किस्मत आज चमकने वाली है।उन खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने हाल ही में अंडर-19 महिला विश्व कप में छाप छोड़ी थी और वह डब्ल्यूपीएल में बड़ी रकम जेब में डाल सकती हैं।

स्मृति मंधाना- भारत की उप-कप्तान और ओपनिंग बैटर स्मृति मंधाना इस ऑक्शन में सबसे ज्यादा बोली हासिल करने वाली खिलाड़ी बन सकती हैं। बल्लेबाजी के साथ-साथ फ्रेंचाइजी बतौर कप्तान इन्हें हासिल करने के लिए बोली लगा सकती हैं। वह भारत की तरफ से अंतराराष्ट्रीय टी20 मैच में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं।

हरमनप्रीत कौर-डिया विमेंस टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, मिडिल ऑर्डर की विस्फोटक बैटर भी हैं। वह 2020 के टी-20 वर्ल्ड कप और बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में टीम को फाइनल तक ले गई थीं। भारत के लिए 146 टी-20 इंटरनेशनल में हरमन ने करीब 107 के स्ट्राइक रेट से 2940 रन बनाए हैं। वह ऑफ स्पिन बॉलिंग भी कर लेती हैं। हरमनप्रीत कौर मार्की प्लेयर्स के सेट-1 में शामिल हैं। उनकी बेस प्राइस 50 लाख रुपए हैं और उनका नाम भी पहली लिस्ट में ही होगा

श्वेता सेहरावत- इस लिस्ट में एक नाम है विश्व विजेता बनी भारतीय टीम की बेहतरीन बल्लेबाज श्वेता सेहरावत का। श्वेता ने साउथ अफ्रीका में खेले गए अंडर-19 विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उन्होंने सात मैचों में 99 की औसत से 297 रन बनाए थे जिसमें तीन अर्धशतक शामिल रहे थे। श्वेता की बेस प्राइस 10 लाख रुपये है। उनके लिए टीमें जमकर बोलियां लगा सकती हैं।

एलिस पेरी- ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एलिस पेरी सबसे अनुभवी महिला खिलाड़ियों में से एक हैं। जिस पर फ्रेंचाइजी बड़ी बोली लगा सकते हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 2009 से लेकर अब तक सभी टी-20 वर्ल्ड कप खेले हैं। अब तक 134 टी-20 इंटरनेशनल में उन्होंने 1515 रन बनाने के साथ 120 विकेट भी लिए हैं।

सोफी एक्लेस्टोन-इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एकलेस्टोन वनडे में दुनिया की नंबर वन गेंदबाज हैं, जो अपनी फिरकी से दुनियाभर के बल्लेबाजों को परेशान करती हैं। उन्होंने 65 टी20 मैचों में 16.22 की औसत से 86 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उनकी इकोनॉमी 5.90 की रही है। सोफी के इन आंकड़ों पर सभी फ्रेंचाइजियों की नजरें होगी।

India

Feb 13 2023, 10:45

डब्ल्यूपीएल का पहला ऑक्शन आज,409 खिलाड़ियों की किस्मत दांव पर

#womenspremierleagueauction2023

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) इस बार जोर-शोर से विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) की तैयारी कर रहा हैं। इसी कड़ी में विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) का पहला ऑक्शन आज मुंबई में होने जा रहा है। इस नीलामी में खिलाड़ियों की खरीदारी होगी और इस नीलामी को अच्छे से चलाने के लिए बीसीसीआई ने एक महिला ऑक्शनर को अपने साथ जोड़ा है। वेबसाइट क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक मलिका अडवाणी इस नीलामी में ऑक्शनर होंगी यानी इस नीलामी को कराएंगी।

409 खिलाड़ियों का भविष्य दांव पर होगा

वुमेन प्रीमियर लीग के लिए होने वाले पहले ऑक्शन में 409 खिलाड़ियों का भविष्य दांव पर होगा। इन 409 खिलाड़ियों में से 246 भारतीय, जबकि 163 विदेशी खिलाड़ी होंगे। 8 खिलाड़ी एसोसिएट नेशन से होंगे जिन पर 5 टीमों की नजर होगी। जिन 409 खिलाड़ियों को नीलामी के लिए चुना गया है, उनमें से 202 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुकी हैं, जबकि 199 खिलाड़ियों का अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू नहीं हुआ है। 

ऑलराउंडर्स सबसे ज्यादा

इस ऑक्शन में ऑलराउंडर्स की संख्या सबसे ज्यादा है। भारत से 127 और विदेशों से 73 ऑलराउंडर इस ऑक्शन का हिस्सा होंगी। इसके बाद गेंदबाजों का नंबर आता है। भारत से 51 गेंदबाज और विदेशों से 42 गेंदबाज ऑक्शन के लिए शॉर्टलिस्ट की गई हैं। बल्लेबाजों में भारत से 42 और विदेशों से 29 व विकेटकीपर्स में भारत से 26 और विदेशों से 19 खिलाड़ियों का ऑक्शन लिस्ट में नाम है।

खिलाड़ियों पर लूटेंगे 60 करोड़ रुपए

ऑक्शन में फ्रेंचाइजी के पास खिलाड़ियों पर बोली लगाने के लिए 12 करोड़ रुपये होंगे। यानी कुल 60 करोड़ रुपए दांव पर होंगे। हर फ्रेंचाइजी को कम से कम 9-9 करोड़ रुपए ऑक्शन में खर्च करना अनिवार्य है। इस ऑक्शन में 24 खिलाड़ियों की बेस प्राइस 50 लाख रुपए है। वहीं, 30 खिलाड़ियों की बेस प्राइस 40 लाख रुपए रखी गई है। इसके बाद 30, 20 और 10 लाख बेस प्राइस वाली खिलाड़ी भी हैं।

India

Feb 13 2023, 10:04

बेंगलुरु में आज से एयरो इंडिया शो, थोड़ी देर में पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन, दुनिया देखेगी भारत का दम

#pm_modi_to_inaugurate_aero_india_2023_in_bengaluru_today

बेंगलुरु में आज से 14वें एयरो इंडिया-2023 की शुरुआत होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरो इंडिया-2023 का उद्घाटन करेंगे। थोड़ी देर में पीएम मोदी कार्यक्रम की शुरूआत करेंगे। एयर शो के 14वें संस्करण में हिस्सा लेने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी बेंगलुरु पहुंच चुके हैं।14वें एयरो इंडिया शो में प्रचंड-तेजस समेत कई जेट उड़ान भरेंगे। पांच दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में दुनिया भारत की ताकत की अक झलक देखेगी।

यह कार्यक्रम कर्नाटक के बेंगलुरू में वायुसेना के येलहंका एयर फोर्स स्टेशन में होना है। एयर शो की थीम 'द रनवे टू ए बिलियन अपॉर्च्युनिटीज' है। कोरोना काल के बाद पहली बार इस शो में दर्शक भी शामिल हो रहे हैं।13 फरवरी से 17 फरवरी तक चलने वाला यह शो मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड प्लान के मुताबिक स्वदेशी टेक्नोलॉजी को प्रदर्शित करने और विदेशी कंपनियों के साथ साझेदारी बनाने पर केंद्रित होगा।इसके अलावा विदेशी कंपनियां भारतीय कंपनियों के साथ साझेदारी भी करेंगी। 

तेजस होगा विमान इस शो के आकर्षण का केन्द्र

पांच दिनों तक चलने वाले इस शो में हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लि. (एचएएल) की अगली पीढ़ी का सुपरसोनिक युद्धक प्रशिक्षण विमान अपना जलवा दिखाएगा।14वें एयरो इंडिया शो में प्रचंड-तेजस समेत कई जेट उड़ान भरेंगे। देश में विकसित फुल स्केल एलसीए तेजस विमान इस शो के आकर्षण का केन्द्र होगा। एलसीए तेजस एक सिंगल-इंजन वाला हल्का, अत्यधिक चुस्त और मल्टी-रोल सुपरसोनिक फाइटर है। 2024 में इसे भारतीय सेना में शामिल किया जा सकता इस एयर शो में विमानन के क्षेत्र में भारत के विकास और इसकी रक्षा क्षमताओं को दर्शाया जाएगा।

स्वदेशी को बढ़ावा देने का प्रयास

बेंगलुरु स्थित वायुसेना अड्डे पर हो रहे इस एयर शो में स्वदेशी को बढ़ावा देने के लिए कंपनी के 15 हेलिकॉप्टरों के जरिए 'आत्मनिर्भर विन्यास' का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें अत्याधुनिक हल्के हेलिकॉप्टर 'प्रचंड', हल्के लड़ाकू हेलिकॉप्टर और हल्के उपियोगिता वाले हेलिकॉप्टर शामिल होंगे।पीएमओ ने कहा कि यह कार्यक्रम लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एलसीए)-तेजस, एचटीटी-40, डॉर्नियर लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्टर (एलयूएच), लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर (एलसीएच) और एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) जैसे स्वदेशी हवाई प्लेटफार्मों के निर्यात को बढ़ावा देगा।

32 देशों के रक्षा मंत्रियों के शामिल होने की संभावना

इस कार्यक्रम में 98 देशों के प्रतिभागियों, 32 देशों के रक्षा मंत्रियों और 29 देशों के वायुसेना प्रमुखों और वैश्विक और भारतीय मूल के उपकरण निर्माताओं की ओर से 73 मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के भाग लेने की संभावना है। इसमें 809 रक्षा कंपनियों और स्टार्टअप तकनीकी में तरक्की और विमानन और रक्षा क्षेत्रों में विकास का प्रदर्शन करेंगे।

India

Feb 12 2023, 19:00

यूपी में होने वाला हर निवेश होगा सुरक्षित, मुख्यमंत्री योगी ने यूके के निवेशकों को दिया भरोसा, प्रदेश में निवेश के लिए किया आमंत्रित

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में हो रहे जीआईएस-23 में शामिल होना मेरे लिए गौरव की बात है। उत्तर प्रदेश की इस महान धरती पर खड़े होकर पूरे विश्व को निवेश के लिए न्योता देना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। वहीं राइस बास्केट के तौर पर मशहूर इस प्रदेश के इस कार्यक्रम के हम सब साक्षी बने यह भी एक बड़ी उपलब्धि है। यूके उत्तर प्रदेश में डिफेंस एंड एयरोस्पेस के साथ मेडिकल के क्षेत्र में बड़ा निवेश करेगा। इसके लिए मैं सीएम योगी को आश्वस्त करता हूं। ये बातें जीआईएस के तहत दधीचि हाल में आयोजित यूनाइटेड किंगडम पार्टनर कंट्री/डिफेंस सेशन में ब्रिटिश गवर्नमेंट के डिफेंस प्रोक्योरमेंट मिनिस्टर एलेक्स चॉक केसी ने कही।

इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि यूके ने पार्टनर कंट्री के रूप में जीआईएस में अपना जो योगदान दिया है उससे न केवल डिफेंस एयरोस्पेस की फील्ड में बल्कि फूड प्रोसेसिंग के फील्ड में इसे बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने में प्रदेश सरकार से उन्हे पूरा सहयोग प्राप्त होगा। सीएम योगी ने यूके डेलिगेशन को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रदेश में होने वाला हर निवेश न केवल सुरक्षित होगा बल्कि निवेशक के लिए भी फलदाई बनाने में राज्य सरकार अपनी पॉलिसी के तहत भरपूर मदद करेगी। इस दौरान सेशन में यूके की 6 कंपनियों से निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए।

  

यूके डिफेंस सेक्टर में अपनी साझेदारी निभाने के लिए प्रतिबद्ध

यूके मिनिस्टर एलेक्स चॉक ने कहा कि हम प्रदेश में विशेष तौर पर डिफेंस सेक्टर में अपनी साझेदारी निभाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उत्तर प्रदेश भारत की रक्षा जरूरतों को पूरा करने की दिशा में मेक इन इंडिया मुहिम के तहत वृहद स्तर पर अपनी भूमिका निभा रहा है और इस भूमिका में हमारा योगदान निवेश के साथ ही स्ट्रैटेजिकल व टैक्टिकल वेपनरी के निर्माण समेत कई क्षेत्रों में होगा। इससे उत्तर प्रदेश भारत की रक्षा जरूरतों को पूरा करने में सक्षम होगा। साथ ही वैश्विक परिदृश्य में एक्सपोर्ट के लिहाज से भी उत्तर प्रदेश धाक जमाने में सक्षम होगा। सक्षम उत्तर प्रदेश न केवल भारत एशिया पैसिफिक रीजन बल्कि पूरी दुनिया के लिए महत्वपूर्ण है और इसी कारण से दुनिया आशा और उम्मीद के साथ उत्तर प्रदेश के सुनहरे भविष्य की परिकल्पना को साकार होते देखने का साक्षी बननेे के लिए तत्पर है।

डिफेंस एंड एयरोस्पेस हमारी प्राथमिकताओं में

मुख्यमंत्री योगी ने यूके गवर्नमेंट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जीआईएस-23 को सफलता की नई ऊंचाई तक पहुंचाने में यूके की पार्टनर कंट्री के रूप में सहभागिता और योगदान हमारे लिए अनुकरणीय है। प्रदेश को विकास की नई उड़ान देने के लिए जिन 25 सेक्टर्स पर फोकस किया गया है उनमें डिफेंस एवं एयरोस्पेस पहली प्राथमिकता पर है, जिसे तेजी के साथ विकास के पथ पर हम भारत सरकार के साथ मिलकर आगे बढ़ा रहे हैं। वहीं प्रदेश सरकार ने भी अपनी डिफेंस एंड एयरोस्पेस को लेकर एक नीति जारी की है, जिसके अंतर्गत हम उन संभावनाओं को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं, जिससे प्रदेश इस सेक्टर में हब के रूप में विकसित होकर उभरे।

सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार इस नीति के तहत हर एक निवेशक को प्रदेश के अंदर सुरक्षित निवेश की गारंटी देने के साथ प्रदेशवासियों के लिए फलदाई बनाने और आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। मुझे विश्वास है कि यूके ने पार्टनर कंट्री के रूप में जीआईएस-23 में जो अपना योगदान दिया है उससे न केवल डिफेंस एयरोस्पेस की फील्ड में बल्कि फूड प्रोसेसिंग के फील्ड में इसे बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने में प्रदेश सरकार से उन्हे पूरा सकारात्मक सहयोग प्राप्त होगा। सीएम योगी ने यूके डेलिगेशन को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रदेश में होने वाला हर निवेश सुरक्षित होगा।